Tuesday, May 26, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

हिमाचल में कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल, आरोपी बंदूक और कारतूस सहित गिरफ्तार

May 26, 2026 Source: Rashtra Wire

हिमाचल में कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल, आरोपी बंदूक और कारतूस सहित गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला न्यायालय परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक आरोपी लोडेड दूनाली बंदूक लेकर कोर्ट पहुंच गया। आरोपी की पहचान भोरंज उपमंडल निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है, जो घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में पेशी के लिए अदालत आया था। घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने साथ लाइसेंसी दूनाली बंदूक और दो कारतूस लेकर सेशन कोर्ट परिसर में पहुंचा था। सुबह करीब 11 बजे जब अदालत परिसर में विभिन्न मामलों की सुनवाई चल रही थी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी व अन्य लोग मौजूद थे, तभी उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। आरोपी कोर्ट के बाहर हथियार लेकर बैठा हुआ था, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद डीएसपी ने जब आरोपी से कोर्ट परिसर में हथियार लाने को लेकर पूछताछ की, तो वह बहस करने लगा। इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर डीएसपी की ओर बंदूक भी तान दी, जिसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और उसे काबू कर लिया। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़े हादसे को टाल लिया गया। आरोपी को बाद में सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का अपनी पत्नी के साथ किसी विवाद को लेकर मामला अदालत में चल रहा है। यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से एक पुलिसकर्मी को धमकी दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आरोपी हथियार लेकर कोर्ट परिसर के अंदर कैसे पहुंच गया। हमीरपुर के एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि आरोपी को समय रहते हथियार सहित पकड़ लिया गया था। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा कर्मी तैनात रहते हैं और मामले की पूरी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।