Thursday, June 11, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

पेपर लीक के आरोपों के बीच यश यादव ने कहा- मुझे NEET परीक्षा में बैठना है ....

June 2, 2026 Source: Rashtra Wire

पेपर लीक के आरोपों के बीच यश यादव ने कहा- मुझे NEET परीक्षा में बैठना है ....
देशभर में चर्चित NEET-UG पेपर लीक मामले में एक नया घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले के आरोपी यश यादव ने दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट में आवेदन दाखिल कर परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें और अध्ययन सामग्री रखने की अनुमति मांगी है। यश यादव ने अदालत को बताया कि उसे आगामी 21 जून को होने वाली NEET-UG परीक्षा में शामिल होना है, इसलिए उसे पढ़ाई जारी रखने के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव और धनंजय लोखंडे को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान यश यादव की ओर से यह विशेष अनुरोध किया गया कि उसे परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें रखने की अनुमति दी जाए। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ा दी। पूर्व निर्धारित हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद सभी आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया था, जिसके बाद न्यायिक हिरासत बढ़ाने का फैसला लिया गया। वहीं, NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। CBI महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में जांच कर रही है और मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ रहे हैं। हाल ही में एजेंसी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें लातूर का एक डॉक्टर भी शामिल है। जांच एजेंसी का दावा है कि डॉक्टर ने कथित रूप से तीन छात्रों को केमिस्ट्री का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। इन छात्रों में एक आरोपी कोचिंग संचालक का बेटा भी बताया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कथित रूप से लीक प्रश्नपत्र आरोपी पी. वी. कुलकर्णी के माध्यम से प्राप्त किए गए थे। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह, जो पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (APMA) में फिजिक्स फैकल्टी के रूप में कार्यरत है, पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। CBI के अनुसार, उसने एक अन्य आरोपी से NEET-UG 2026 के कथित लीक हुए फिजिक्स प्रश्न प्राप्त किए थे। फिलहाल CBI पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और पेपर लीक से जुड़े सभी लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हुई है।