Monday, June 15, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

गर्मी से परेशान दिल्ली को मिलेगी राहत, आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना ...

June 4, 2026 Source: Rashtra Wire

गर्मी से परेशान दिल्ली को मिलेगी राहत, आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना ...
नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून के अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटों के दौरान दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 5 और 6 जून को भी तेज हवाओं और बदलते मौसम का असर जारी रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में हाल के दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, IMD ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के अयान नगर इलाके में सबसे अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में 1 से 4 डिग्री तक की वृद्धि देखी गई। IMD के अनुसार गुरुवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और अस्थायी ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने और धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की अपील की गई है।