India

मालवीय नगर आग त्रासदी के बाद सरकार सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई ...

June 6, 2026 Source: Rashtra Wire

मालवीय नगर आग त्रासदी के बाद सरकार सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई ...
नई दिल्ली। मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर और सीलिंग अभियान चलाने के साथ अब सरकार उन अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करने जा रही है, जिनकी लापरवाही के कारण ऐसे हादसों को बढ़ावा मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि आग की घटनाओं, अवैध निर्माण, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और लोगों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, जांच में जिम्मेदार पाए गए अधिकारियों को दो वर्ष तक की जेल और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, यदि किसी अधिकारी की लापरवाही के कारण जान-माल का नुकसान होता है, तो उसकी भरपाई संबंधित अधिकारी के वेतन, पेंशन अथवा निजी संपत्ति से भी की जा सकती है। सरकार का कहना है कि मालवीय नगर जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। इधर, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सुल्तानपुर, खानपुर, चिराग दिल्ली और मालवीय नगर सहित कई क्षेत्रों में अवैध इमारतों को ध्वस्त करने और सील करने की कार्रवाई की जा रही है। सैदुलाजाब में 40 से अधिक भवनों और हौज रानी तथा मालवीय नगर में संचालित 12 होटलों को भी कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है। मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद राजधानी में फायर सेफ्टी और भवन निर्माण नियमों के अनुपालन की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है।