India

देवेंद्र यादव समेत NSUI नेताओं पर FIR, NEET पेपर लीक आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई ...

June 6, 2026 Source: Rashtra Wire

देवेंद्र यादव समेत NSUI नेताओं पर FIR, NEET पेपर लीक आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई ...
वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई विधायक देवेंद्र यादव समेत NSUI और कांग्रेस के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 3 जून को NSUI और कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के बंगले का घेराव करने के उद्देश्य से निकले थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें बंगले तक पहुंचने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कानून-व्यवस्था बिगड़ने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर अवरोध पैदा किया और हालात ऐसे बने जिससे बलवा जैसी स्थिति निर्मित होने की आशंका पैदा हुई। इसी आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि NEET पेपर लीक के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस और NSUI के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।