India

बंगाल के बाद बिखरने लगा INDIA गठबंधन? CPI(M) भड़की, DMK-AAP हुए अलग!

June 7, 2026 Source: Rashtra Wire

बंगाल के बाद बिखरने लगा INDIA गठबंधन? CPI(M) भड़की, DMK-AAP हुए अलग!
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों का असर अब केवल तृणमूल कांग्रेस तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि विपक्षी INDIA गठबंधन के भीतर भी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. 8 जून को प्रस्तावित विपक्षी बैठक से पहले कई सहयोगी दलों की नाराजगी ने गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे पहले DMK ने कांग्रेस के साथ मतभेदों का हवाला देते हुए बैठक से दूरी बनाने का संकेत दिया, वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस रणनीतिक बैठक में शामिल न होने का फैसला किया है. इसी बीच CPI(M) ने कांग्रेस की कार्यशैली पर गंभीर आपत्ति जताते हुए उसे गठबंधन की भावना के खिलाफ बताया है. माकपा महासचिव एम.ए. बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर केरल विधानसभा चुनाव के दौरान लगाए गए उन आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है, जिनमें कांग्रेस नेताओं ने CPI(M) और भाजपा के बीच कथित समझौते की बात कही थी. उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप विपक्षी एकता को कमजोर करते हैं और भाजपा के खिलाफ साझा लड़ाई को नुकसान पहुंचाते हैं. उधर, झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी असंतुष्ट बताया जा रहा है. पार्टी के भीतर दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की मांग उठी थी, हालांकि बाद में जेएमएम ने एक सीट के लिए बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार घोषित कर दिया. इन तमाम घटनाक्रमों के बीच विपक्षी गठबंधन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने किसी भी तरह की टूट या बिखराव की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ मिलकर संघर्ष जारी रखेंगे.