India

राज्यसभा चुनाव से पहले JMM-कांग्रेस में समझौता, एक-एक सीट पर बनी सहमति...

June 7, 2026 Source: Rashtra Wire

राज्यसभा चुनाव से पहले JMM-कांग्रेस में समझौता, एक-एक सीट पर बनी सहमति...
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर महागठबंधन के प्रमुख सहयोगी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस के बीच चल रहा विवाद अब समाप्त हो गया है। दोनों दलों के बीच कई दिनों से सीटों के बंटवारे को लेकर तनातनी चल रही थी, लेकिन अब सहमति बन गई है कि राज्यसभा की दो सीटों पर दोनों पार्टियां एक-एक उम्मीदवार उतारेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस समझौते की पुष्टि करते हुए कहा कि गठबंधन में शामिल दोनों दलों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक-एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूर्व विधायक बैद्यनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। लातेहार से विधायक रह चुके बैद्यनाथ राम को पार्टी का समर्पित और अनुभवी नेता माना जाता है। झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि बैद्यनाथ राम ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आदिवासी और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ लंबी बातचीत की, जिसके बाद दोनों दलों के बीच सहमति का रास्ता निकला। समझौते के बाद मुख्यमंत्री ने रविवार रात गठबंधन के सभी विधायकों को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया है। गौरतलब है कि इससे पहले JMM दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में था, जबकि कांग्रेस ने पहले ही प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। हालांकि अब दोनों दलों के बीच मतभेद खत्म हो चुके हैं और महागठबंधन में फिलहाल सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा है।