Baby Do Die Do का दमदार टीजर आउट, रहस्य और रोमांच से भरपूर दिखीं Huma Qureshi…
June 9, 2026 Source: Rashtra Wire
बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी एक बार फिर अपने दमदार और अलग अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ (Baby Do Die Do) का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो चुका है, जिसे सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर में हुमा कुरैशी का रहस्यमयी और इंटेंस लुक देखने को मिला है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
टीजर की शुरुआत एक लड़की के वॉयसओवर से होती है, जिसमें वह कहती है, “ये कहानी उस रात शुरू हुई, जिस रात मेरा मर्डर हुआ था, लेकिन ये कहानी मेरी नहीं, मेरी गूंगी-बहरी बहन की है।” इसी के साथ फिल्म में सस्पेंस और रहस्य का माहौल तैयार हो जाता है। इसके बाद हुमा कुरैशी की एंट्री होती है, जो फिल्म में एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो बोल और सुन नहीं सकती।
टीजर में दिखाया गया है कि उनका किरदार एक-एक कर कई लोगों को मौत के घाट उतारता नजर आता है। हालांकि पूरी कहानी का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन संकेत मिलते हैं कि वह अपनी बहन की मौत का बदला लेने के मिशन पर निकली है। खास बात यह है कि वह हमेशा अपने साथ एक छाता रखती है, जिसे वह खतरनाक हथियार के रूप में इस्तेमाल करती दिखाई देती है।
फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है, जबकि इसके निर्माता अभिनेता साकिब सलीम हैं। फिल्म में चंकी पांडे भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। टीजर में उनकी छोटी-सी झलक ने भी दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।