India

अभिजीत दीपके के समर्थन और विरोध में बंटी भीड़, अलग-अलग हुआ प्रदर्शन...

June 12, 2026 Source: Rashtra Wire

अभिजीत दीपके के समर्थन और विरोध में बंटी भीड़, अलग-अलग हुआ प्रदर्शन...
लखनऊ के इको गार्डन में शुक्रवार को यूपीएसआई और लेखपाल भर्ती परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इसकी वजह कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का प्रदर्शन स्थल पर पहुंचना रही। बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने उनके आने का विरोध करते हुए कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह भर्ती और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है और वे इसे किसी राजनीतिक रंग में नहीं देखना चाहते। अभिजीत दीपके के प्रदर्शन में शामिल होने की खबर मिलते ही कई छात्रों ने नाराजगी जताई। अभ्यर्थियों का आरोप था कि दीपके का इन भर्ती परीक्षाओं से कोई सीधा संबंध नहीं है और उनकी मौजूदगी आंदोलन की दिशा को प्रभावित कर सकती है। छात्रों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और किसी राजनीतिक हस्तक्षेप से उनके आंदोलन को नुकसान पहुंच सकता है। विवाद तब और बढ़ गया जब दीपके के समर्थन में पहुंचे कुछ वामपंथी छात्र संगठनों और प्रदर्शनकारियों के बीच नारेबाजी को लेकर मतभेद सामने आए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए यूपीएसआई और लेखपाल अभ्यर्थियों ने अलग प्रदर्शन किया, जबकि अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों ने अलग स्थान पर सभा की। दोपहर करीब दो बजे इको गार्डन पहुंचे अभिजीत दीपके लगभग 40 मिनट बाद वापस लौट गए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से 20 जून को दिल्ली पहुंचने की अपील की और कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करना नागरिकों का अधिकार है। वहीं, कुछ लोग उनके समर्थन में भी दिखाई दिए और उनका कहना था कि युवाओं के मुद्दे उठाने वालों का समर्थन किया जाना चाहिए।