Monday, June 15, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

पीएम मोदी बंगाल जाएंगे, बंगाल दिवस और योग दिवस में होंगे शामिल...

June 15, 2026 Source: Rashtra Wire

पीएम मोदी बंगाल जाएंगे, बंगाल दिवस और योग दिवस में होंगे शामिल...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर जाएंगे, जहां वे राज्य के दो बड़े आयोजनों में हिस्सा लेंगे—पश्चिम बंगाल दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026। इस दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां तेज हो गई हैं और इसे काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि नई सरकार बनने के बाद यह पीएम मोदी का पहला बंगाल दौरा होगा। 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस मनाया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने उच्च स्तरीय तैयारियां शुरू कर दी हैं और अलग-अलग समितियां भी बनाई गई हैं ताकि आयोजन को भव्य रूप दिया जा सके। इसके अगले दिन यानी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर बड़ा योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कोलकाता में होने वाले इस मुख्य आयोजन में करीब 1.5 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। पीएम मोदी इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए 45 मिनट के ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ का नेतृत्व करेंगे। कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए हुगली नदी में भी एक अनोखा योग प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें लगभग 500 नावों पर एक साथ योगाभ्यास होगा। यह आयोजन न सिर्फ पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। दौरे के दौरान पीएम मोदी तारकेश्वर में एक महत्वपूर्ण बैठक को भी संबोधित कर सकते हैं, जहां वे राज्य के विकास से जुड़ी कई नई घोषणाएं भी कर सकते हैं। इधर, कोलकाता नगर निगम ने योग दिवस के भव्य स्वागत के लिए पांच दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान भी शुरू किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे योग दिवस के दिन सुबह बड़ी संख्या में अपने नजदीकी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर योग में शामिल हों।