‘शपथ लेने के बाद भी पार्टी छोड़ी तो नहीं छोड़ेंगे’, बागी सांसदों पर बरसे संजय राउत...
June 17, 2026 Source: Rashtra Wire
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में टूट की अटकलों ने हलचल बढ़ा दी है। खबरें हैं कि पार्टी के छह सांसद एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में हैं और 19 जून को शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस के आसपास बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। इस बीच राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बागी रुख अपनाने वाले नेताओं को कड़ी चेतावनी दी है।
नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा कि जिन सांसदों पर पार्टी छोड़ने की चर्चाएं चल रही हैं, उन्होंने साईं बाबा, मां भवानी और अपनी मां की शपथ लेकर पार्टी के साथ रहने का भरोसा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर इसके बावजूद कोई नेता विश्वासघात करता है तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
राउत ने कहा कि इन सांसदों को टिकट देने से लेकर चुनाव लड़ने तक पार्टी और उद्धव ठाकरे ने पूरा समर्थन दिया था। यदि कोई नेता जाना चाहता है तो पहले सांसद पद से इस्तीफा देकर जाए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सांसदों से बातचीत की गई है और संसदीय दल की बैठक भी बुलाई गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी पत्र भेजा गया है।
संजय राउत ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सांसदों को पाला बदलने के लिए 15-15 करोड़ रुपये तक का ऑफर दिया जा रहा है। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर और लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हुई बगावत के बाद शिवसेना दो धड़ों में बंट गई थी और महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। अब एक बार फिर पार्टी में संभावित टूट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।