Politics

मोदी सरकार की तारीफ के बाद महुआ मोइत्रा को लेकर उठे नए सवाल, क्या बदलेगा समीकरण?

June 20, 2026 Source: Rashtra Wire

मोदी सरकार की तारीफ के बाद महुआ मोइत्रा को लेकर उठे नए सवाल, क्या बदलेगा समीकरण?
टीएमसी की मुखर नेता और केंद्र सरकार की कट्टर आलोचक मानी जाने वाली महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। महुआ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का धन्यवाद करते हुए सशस्त्र बलों के विकलांग अधिकारियों की पेंशन पर आयकर छूट जारी रखने के मुद्दे पर उनकी संवेदनशीलता की सराहना की। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं। महुआ मोइत्रा ने एक्स पर राजनाथ सिंह का पत्र साझा करते हुए लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि वित्त मंत्रालय भी इसी तरह का मानवीय दृष्टिकोण अपनाएगा और इस प्रस्ताव को आगे नहीं बढ़ाएगा। उन्होंने इस कदम का स्वागत करते हुए "जय हिंद" भी लिखा। रक्षा मंत्री के पत्र में कहा गया है कि सेवा के दौरान घायल हुए लेकिन सेवानिवृत्ति तक ड्यूटी करने वाले सैन्य कर्मियों की विकलांगता पेंशन पर कर छूट से जुड़ा मामला वित्त मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि केंद्र सरकार की अधिसूचना जारी होने तक भारतीय सशस्त्र बलों के विकलांग अधिकारियों की पूरी विकलांगता पेंशन और सेवा से जुड़ा हिस्सा आयकर से मुक्त रहेगा। इसी बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस लगातार आंतरिक संकट से जूझ रही है। पार्टी के कई विधायक और सांसद अलग गुट बनाकर नेतृत्व से दूरी बना चुके हैं। कुछ सांसदों ने नए राजनीतिक विकल्पों की ओर भी रुख किया है। ऐसे माहौल में महुआ मोइत्रा की ओर से केंद्र सरकार की प्रशंसा ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।