उद्धव ठाकरे के लिए मुश्किलें बढ़ीं, 6 सांसद आज छोड़ सकते हैं UBT का साथ...
June 22, 2026 Source: Rashtra Wire
महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के छह लोकसभा सांसद दोपहर 3 बजे तक आधिकारिक तौर पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इन सांसदों के शामिल होने के बाद शिंदे गुट को दलबदल विरोधी कानून के तहत आवश्यक दो-तिहाई बहुमत भी मिल जाएगा, जिससे उनके खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई का खतरा काफी हद तक खत्म हो सकता है।
पिछले कई महीनों से महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चर्चाएं चल रही थीं और अब यह अभियान सफल होता नजर आ रहा है। रविवार को सांसद नागेश पाटिल अष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर ने सार्वजनिक रूप से शिंदे गुट में शामिल होने के अपने फैसले की पुष्टि कर दी थी, जिसके बाद इस राजनीतिक बदलाव की अटकलें और तेज हो गईं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी ‘ऑपरेशन टाइगर’ की सफलता का ऐलान करते हुए कहा कि संगठन की स्थिति मजबूत है और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह कोई भी अभियान अधूरा नहीं छोड़ते और जो काम शुरू करते हैं, उसे पूरा करके ही दम लेते हैं।
दूसरी ओर, बढ़ती राजनीतिक हलचल के बीच शिवसेना (UBT) ने सोमवार दोपहर 2:30 बजे मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय ‘शिवालय’ में अपने सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि यह बैठक पार्टी को एकजुट रखने और संभावित राजनीतिक संकट से निपटने की रणनीति तैयार करने के लिए बुलाई गई है।