एशियन रिले 2026 में भारत की बड़ी जीत, चीन को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा...
June 22, 2026 Source: Rashtra Wire
भारत की महिला 4x100 मीटर रिले टीम ने एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। चीन के शांग्यू शहर में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में भारतीय टीम ने 43.85 सेकंड का सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए मेजबान और मजबूत दावेदार चीन को पीछे छोड़ दिया। चीन ने 44.09 सेकंड के साथ सिल्वर और थाईलैंड ने 44.11 सेकंड के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता।
स्राबानी नंदा, एसएस स्नेहा, सुदेशना शिवंकर और तमन्ना की भारतीय चौकड़ी ने बेहतरीन बैटन एक्सचेंज और दमदार फिनिश के दम पर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। रिलायंस फाउंडेशन के कोच मार्टिन ओवेन्स के मार्गदर्शन में टीम ने अपनी रणनीति को शानदार तरीके से अमल में उतारा।
तमन्ना और स्नेहा के लिए यह टूर्नामेंट खास रहा, क्योंकि दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो पदक जीते। इससे पहले उन्होंने अनिमेष कुजूर और प्रणव गुरव के साथ मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले में भारत को ब्रॉन्ज़ मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। भारतीय टीम ने 41.27 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा, मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में तीर्थेश पी शेट्टी, एमआर पूवम्मा, भरत श्रीधर और नीरू पाठक की टीम ने 3:17.06 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।
हालांकि महिला और पुरुष 4x400 मीटर रिले स्पर्धाओं में भारत को अपेक्षित सफलता नहीं मिली और दोनों टीमें पदक से चूक गईं। इसके बावजूद भारत ने प्रतियोगिता का समापन एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज़ मेडल के साथ किया।
एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 भारत के लिए एक सफल अभियान साबित हुई और अब 2027 में इस प्रतियोगिता की मेजबानी चंडीगढ़ में की जाएगी।