LPG Connection Update: क्या PNG आने के बाद खत्म हो जाएगी LPG सेवा?
June 22, 2026 Source: Rashtra Wire
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 30 जून 2026 के बाद इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के एलपीजी (LPG) कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, मार्च 2026 में सरकार ने उन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को, जहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है, PNG अपनाने के लिए 90 दिनों का समय दिया था। यह समयसीमा 30 जून 2026 को खत्म हो रही है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस तारीख के बाद सभी LPG कनेक्शन स्वतः बंद कर दिए जाएंगे।
सरकार ने “नो ड्यूल कनेक्शन” नीति लागू की है, जिसके तहत जिन इलाकों में PNG नेटवर्क मौजूद है, वहां नए LPG कनेक्शन जारी करने पर रोक लगाई जा सकती है। कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को LPG कनेक्शन सरेंडर कर PNG सुविधा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। इस नीति का उद्देश्य घरेलू गैस आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2026 से अब तक लगभग 10 लाख PNG कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं। वहीं, 3.22 लाख नए कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 9.94 लाख लोगों ने नए PNG कनेक्शन के लिए आवेदन किया है और लगभग एक लाख उपभोक्ता पहले ही LPG से PNG पर शिफ्ट हो चुके हैं।
ऐसे में 30 जून को लेकर फैल रही अफवाहों से बचें और किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले सरकारी स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें।