World

डॉ. महरंग बलोच को उम्रकैद की सजा, बलूचिस्तान में विरोध की लहर...

June 23, 2026 Source: Rashtra Wire

डॉ. महरंग बलोच को उम्रकैद की सजा, बलूचिस्तान में विरोध की लहर...
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थित ग्वादर की आतंकवाद-रोधी अदालत ने सोमवार को प्रसिद्ध बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉ. महरंग बलोच और उनके दो सहयोगियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला 2024 में ग्वादर में आयोजित एक रैली के दौरान एक सुरक्षा अधिकारी की मौत से जुड़े मामले में सुनाया गया। इस मामले में बलोच यकजहती कमेटी (BYC) और छात्र संगठनों से जुड़े कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। 33 वर्षीय डॉ. महरंग बलोच लंबे समय से बलूचिस्तान में कथित जबरन गुमशुदगी, न्यायेतर हत्याओं और मानवाधिकार उल्लंघनों के मुद्दे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाती रही हैं। उनके खिलाफ राजद्रोह, आतंकवाद और हत्या जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा चलाया गया था। मार्च 2025 में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। क्वेटा-1 की एंटी-टेररिज्म कोर्ट के जज मुहम्मद अली मोबिन ने यह फैसला सुनाया। बताया गया कि महरंग बलोच, हिरासत में लिए गए अन्य BYC नेताओं और उनके वकीलों ने अदालत की कार्यवाही का बहिष्कार किया था, जिसके दौरान यह फैसला सुनाया गया। अदालत के फैसले के बाद बलूचिस्तान में विरोध और आक्रोश देखने को मिल रहा है। कई बलोच संगठनों ने इस फैसले को “न्यायिक आतंकवाद” करार देते हुए आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की न्यायपालिका का इस्तेमाल शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, महरंग बलोच के वकील इसरार जटक ने बताया कि यह मामला जुलाई 2024 में ग्वादर में आयोजित बलूच राजी माची सभा से जुड़ा हुआ है, जहां हुई हिंसा में एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हुई थी।