India

मुंबई लोकल में दिल दहला देने वाली घटना, दरवाजा बंद करने को लेकर युवक की हत्या

June 24, 2026 Source: Rashtra Wire

मुंबई लोकल में दिल दहला देने वाली घटना, दरवाजा बंद करने को लेकर युवक की हत्या
Mumbai Local Train Murder: मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भारी बारिश के बीच लोकल ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे 22 वर्षीय युवक मयंक रमेश लोहार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच हुई, जिसके बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, मयंक रमेश लोहार फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में यात्रा कर रहे थे। बारिश की वजह से ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर उनकी गेट के पास खड़े एक यात्री से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर मयंक पर लगातार कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मयंक खुद का बचाव नहीं कर सके और ट्रेन के अंदर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कोच में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आरोपी बोरीवली स्टेशन पर उतरकर फरार हो गया। फिलहाल जीआरपी बोरीवली ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। वेस्टर्न रेलवे भी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली में भी सीट को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अब मुंबई की इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।