India

ORS और जिंक की गोलियां मुफ्त बांटेगा स्वास्थ्य विभाग, शुरू हुआ ‘स्टॉप डायरिया अभियान’

June 24, 2026 Source: Rashtra Wire

ORS और जिंक की गोलियां मुफ्त बांटेगा स्वास्थ्य विभाग, शुरू हुआ ‘स्टॉप डायरिया अभियान’
ORS और जिंक की गोलियां मुफ्त बांटेगा स्वास्थ्य विभाग, शुरू हुआ ‘स्टॉप डायरिया अभियान’
दिल्ली सरकार ने बच्चों और मातृ स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘स्टॉप डायरिया अभियान 2026’ की शुरुआत की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय से इस अभियान का शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 31 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत घर-घर जाकर लोगों को डायरिया से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों और उनके अभिभावकों को ओआरएस (ORS) के पैकेट और जिंक की गोलियां मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामुदायिक स्वयंसेवकों से अपील की कि वे प्रत्येक परिवार तक डायरिया की रोकथाम और सही उपचार की जानकारी पहुंचाकर इस अभियान को सफल बनाएं। इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार सिंह ने ईस्ट पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में दिल्ली के पहले मॉडल इंटीग्रेटेड न्यूट्रिशन सेंटर का भी उद्घाटन किया। सरकार का लक्ष्य राजधानी के हर जिले में कम से कम एक ऐसा केंद्र स्थापित करना है, जहां एलोपैथी, आयुष, होम्योपैथी, यूनानी और योग जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने गर्भकालीन मधुमेह (Gestational Diabetes) और प्रसवोत्तर सेप्सिस के प्रबंधन के लिए नई साक्ष्य-आधारित एसओपी और क्लिनिकल एल्गोरिदम भी जारी किए। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। डॉ. पंकज कुमार सिंह ने नागरिकों से इस अभियान को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने की अपील की। उनका कहना है कि मानसून के दौरान बच्चों को डायरिया जैसी बीमारियों से बचाने में यह अभियान काफी मददगार साबित होगा।