गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू पढ़ाने के आरोप पर हंगामा, पुलिस ने 20 लोगों पर दर्ज की FIR
June 29, 2026 Source: Rashtra Wire
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक सरकारी स्कूल में उर्दू पढ़ाने को लेकर विवाद गहरा गया है। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब अरमूर स्थित भारत चंद्र स्कूल में उर्दू की कक्षा चलने के दौरान कुछ लोग स्कूल परिसर में घुस आए और शिक्षक के साथ कथित तौर पर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
जानकारी के अनुसार, ज़ियारत नगर निवासी शिक्षक आमेर छात्रों को उर्दू पढ़ा रहे थे, तभी भाजपा से जुड़े कुछ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कक्षा में घुसकर शिक्षक के साथ बदसलूकी की और पुलिस की मौजूदगी में उन्हें थप्पड़ भी मारा। भाजपा नेताओं का दावा है कि स्कूल में गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू भाषा के साथ धार्मिक सामग्री और उर्दू गीत भी पढ़ाए जा रहे थे, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई।
घटना के बाद कई अल्पसंख्यक और शिक्षक संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए निजामाबाद बंद का आह्वान किया है। संगठनों ने स्कूल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान किसी शिक्षक पर हमला करना बेहद गंभीर मामला है।
इस विवाद पर कांग्रेस नेता डॉ. शमा मोहम्मद ने भी अपनी ही सरकार से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घटना का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने स्कूल में घुसकर शिक्षक के साथ मारपीट की। पुलिस ने स्कूल परिसर में जबरन प्रवेश, मारपीट, धमकी और शांति भंग करने सहित विभिन्न धाराओं में भाजपा नेताओं समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।