UAE से उड़ान भरने वाला कार्गो विमान कराची से पहले लापता, एजेंसियां अलर्ट पर
July 8, 2026 Source: Rashtra Wire
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से पाकिस्तान के कराची आ रहा एक कार्गो विमान मंगलवार रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के मुताबिक, K2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो विमान शारजाह से कराची के लिए उड़ान भरकर आ रहा था। विमान में कुल पांच क्रू मेंबर्स सवार थे।
बताया गया कि रात करीब 9:18 बजे विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना दी। इसके बाद ATC ने विमान को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद विमान का रडार और संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया।
PAA के अनुसार, रडार पर विमान को अचानक तेजी से नीचे उतरते और दिशा बदलते हुए देखा गया था। इसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान पूरी तरह रडार से गायब हो गया। शुरुआती आशंका है कि विमान अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पाकिस्तान के रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया गया। इसके बाद अरब सागर में बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में पाकिस्तान नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से हिस्सा ले रही हैं। लापता विमान और उसमें सवार क्रू मेंबर्स का पता लगाने के लिए समुद्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार को K2 एयरवेज ने बयान जारी कर कहा कि वह पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी (PCAA) और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है। एयरलाइन ने कहा कि घटना की जांच जारी है और जैसे ही कोई नई जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। K2 एयरवेज पाकिस्तान की एक निजी कार्गो एयरलाइन है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शेड्यूल तथा चार्टर कार्गो सेवाएं संचालित करती है।