India

राष्ट्रपति को केतन के पिता का भावुक ई-मेल, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

July 10, 2026 Source: Rashtra Wire

राष्ट्रपति को केतन के पिता का भावुक ई-मेल, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
महाराष्ट्र के पुणे स्थित लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की दर्दनाक हत्या को लगभग एक महीना पूरा होने वाला है। इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब नया मोड़ सामने आया है। न्याय की उम्मीद में केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भावुक ई-मेल लिखकर अपने बेटे के लिए जल्द इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके। अपने पत्र में विशाल अग्रवाल ने लिखा कि वह यह अपील किसी कारोबारी या प्रभावशाली व्यक्ति के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता के रूप में कर रहे हैं जिसने अपने बेटे को खो दिया है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह टूट चुका है और अब उन्हें केवल न्याय की उम्मीद है। उन्होंने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि उनके बेटे के मामले को केवल एक सरकारी फाइल बनाकर न छोड़ दिया जाए। पत्र में उन्होंने 18 जून की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनके बेटे केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस हादसे का सदमा परिवार इतना गहरा था कि केतन की मौत के महज 20 दिन के भीतर उनके दादा का भी निधन हो गया। विशाल अग्रवाल ने लिखा कि उनके पिता अपने पोते से बेहद प्यार करते थे और इस असहनीय दुख को सहन नहीं कर पाए। विशाल अग्रवाल ने अपने ई-मेल में स्पष्ट किया कि वह किसी तरह की विशेष सुविधा, रियायत या वीआईपी व्यवहार की मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी सिर्फ एक ही मांग है कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। उनका कहना है कि इससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी और दोषियों को जल्द सजा मिल सकेगी।