Monday, May 25, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

सिलेंडर ब्लास्ट ने उजाड़ा परिवार, दुर्ग में चार लोगों की दर्दनाक मौत

May 12, 2026 Source: Rashtra Wire

सिलेंडर ब्लास्ट ने उजाड़ा परिवार, दुर्ग में चार लोगों की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में एक घर में अचानक गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतकों में एक चार साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, खपरी गांव स्थित एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी विकराल हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और चार वर्षीय गोपिका वैष्णव के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक का माहौल फैल गया। घटना स्थल पर सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती आशंका गैस रिसाव के बाद सिलेंडर ब्लास्ट की बताई जा रही है, हालांकि हादसे के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू गैस सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।