Monday, May 25, 2026
English edition
Rashtra Wire Rashtra Wire

India, As It Happens

India

छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की मुश्किल बढ़ी, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द

May 14, 2026 Source: Rashtra Wire

छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की मुश्किल बढ़ी, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत चांपा रेलवे स्टेशन पर चौथी रेल लाइन जोड़ने के कार्य के चलते 77 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का निर्णय लिया है। यह प्रभाव 8 जून से 19 जून 2026 तक रहेगा। रेलवे के इस फैसले से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, रद्द की गई ट्रेनों में 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 8 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, 6 ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा और 5 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी। रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस, अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस, कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस और उत्कल एक्सप्रेस जैसी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। इसके साथ ही रायगढ़-बिलासपुर, कोरबा-रायपुर और बिलासपुर-गेवरारोड जैसी कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने कुछ ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया है। हावड़ा-पुणे दुरंतो, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर चलाई जाएंगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट भी किया गया है। उदाहरण के तौर पर, कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर से शुरू होगी, जबकि विशाखापटनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस केवल बिलासपुर तक ही चलेगी। वहीं आजाद हिंद एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और हसदेव एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से रवाना किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करें। रेलवे के इस फैसले का असर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के यात्रियों पर भी पड़ेगा।