India

पूजा-अर्चना के बाद देवी मां का मुकुट चुराकर फरार हुआ शातिर

May 24, 2026 Source: Rashtra Wire

पूजा-अर्चना के बाद देवी मां का मुकुट चुराकर फरार हुआ शातिर
महाराष्ट्र के पुणे से सटे तलेगांव दाभाडे इलाके में स्थित प्रसिद्ध तुलजाभवानी देवी मंदिर में चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस वारदात ने लोगों को इसलिए भी चौंका दिया क्योंकि चोर ने चोरी करने से पहले मंदिर में पूरी श्रद्धा और भक्ति का दिखावा किया। आरोपी ने पहले देवी मां के सामने हाथ जोड़कर पूजा-अर्चना की, माफी मांगी और फिर मौका मिलते ही करीब एक किलो वजनी चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी आम श्रद्धालु बनकर मंदिर में दाखिल हुआ था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी। मंदिर में प्रवेश करने के बाद वह बड़े आराम से देवी मां के दर्शन करने लगा। उसके हाथ में नारियल था और उसने देवी को कुमकुम भी अर्पित किया। उसकी हरकतें इतनी सामान्य और श्रद्धा से भरी लग रही थीं कि मंदिर के पुजारी को उस पर जरा भी शक नहीं हुआ। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। मौका मिलते ही उसने गर्भगृह में रखा देवी मां का करीब एक किलो चांदी का मुकुट उठा लिया। इसके बाद उसने मुकुट को तुरंत एक रूमाल में लपेटा, अपने कपड़ों में छिपाया और कुछ ही सेकंड में मंदिर परिसर से फरार हो गया। चोरी का पता चलते ही मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही तलेगांव दाभाडे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर के CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह चोर ने पहले भक्त बनकर भरोसा जीता और फिर बड़ी चालाकी से चोरी को अंजाम दिया। हालांकि, आरोपी ने मास्क और टोपी पहन रखी थी, इसलिए उसकी पहचान करना फिलहाल पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। इस अनोखी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग चोर की ‘भक्ति के पीछे छिपी चालाकी’ को लेकर हैरानी जता रहे हैं।